- by Manish Kumar Susari
- 2026-02-16 15:44:37
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गाजीपुर | जमानिया मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार की रात प्रसव के लिए भर्ती की गई गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पति ने अस्पताल संचालिका आरती सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। शादियाबाद थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी ममता (32) को प्रसव पीड़ा होने पर रात करीब 10 बजे जमानिया मोड़ स्थित निर्मल क्लीनिक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। संचालिका आरती सिंह ने इलाज शुरू किया, लेकिन आरोप है कि इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई।
संतोष का कहना है कि जब उन्होंने पत्नी की स्थिति जाननी चाही तो संचालिका ने भ्रामक जानकारी दी और अभद्रता भी की। कुछ देर बाद गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई और ममता की हालत भी बिगड़ती चली गई। समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से ममता की भी मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी में रखवाया और शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर निर्मल क्लीनिक की संचालिका आरती सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से मृत्यु की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)