- by Manish Kumar Susari
- 2026-08-26 20:44:46
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
लगातार हो रही बारिश के बाद मिठाई लाल का पुरा क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। क्षेत्र में स्थित कोटे की राशन दुकान के सामने और आसपास पानी भर जाने से सरकारी खाद्यान्न के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार राजकुमार पटेल की कोटे की दुकान के आसपास जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे राशन की दुकान के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई और पानी राशन की दुकान के अंदर पहुंच गया तो सरकारी खाद्यान्न खराब होने का खतरा है। ऐसे में गरीब लाभार्थियों को मिलने वाले राशन के नुकसान की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान शकुंतला साहू और सचिव शांति देवी से जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए और राशन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीण नंदलाल पटेल, दशरथ लाल पटेल, संतोष पटेल, शिवकुमार भारतीय, गोविंद भारतीय, मनीष भारतीय, रामभवन पटेल और अनिल भारतीय ने स्थानीय प्रशासन से मामले को संज्ञान में लेकर शीघ्र निराकरण की मांग की है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि जलभराव के कारण सरकारी खाद्यान्न खराब होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? उन्होंने प्रशासन से समय रहते पानी निकासी की व्यवस्था कराने और खाद्यान्न को सुरक्षित रखने की मांग की है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)