- by Saourabh Kumar
- 2026-08-21 16:44:38
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
आजमगढ़ से गोरखपुर आ रहे एक यात्री ने परिवहन निगम की बस पर उसे बड़हलगंज में छोड़कर आगे निकल जाने का आरोप लगाया है। यात्री का दावा है कि बस में उसका सामान और जरूरी दस्तावेज भी छूट गए थे। इसके बाद उसने दूसरे साधन से करीब 30 किलोमीटर तक बस का पीछा कर उसे पकड़ा।
पीड़ित यात्री निहाल सिंह के मुताबिक, वह 21 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे आजमगढ़ से गोरखपुर के लिए निकली UPSRTC की बस्ती डिपो की बस संख्या UP 78 JT 4976 से यात्रा कर रहा था। बस करीब 2:45 बजे बड़हलगंज पहुंची। आरोप है कि परिचालक ने बस को करीब पांच मिनट रोकने की बात कही और नीचे उतर गई।
निहाल सिंह का कहना है कि इसी दौरान वह भी बस से उतरकर सड़क के दूसरी तरफ सामान लेने गया। उनका आरोप है कि परिचालक द्वारा पांच मिनट रुकने की बात कहे जाने के बावजूद बस करीब तीन मिनट में ही वहां से रवाना हो गई। इस दौरान उनका सामान और जरूरी दस्तावेज बस में ही रह गए।
यात्री के अनुसार, आनन-फानन में उसने दूसरे साधन से बस का पीछा किया और करीब 30 किलोमीटर आगे जाकर बस को पकड़ लिया। इसके बाद उसने परिचालक से मामले को लेकर बातचीत की। यात्री का आरोप है कि परिचालक ने गलती उसकी बताते हुए शिकायत करने की बात पर कथित तौर पर कहा कि “मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
निहाल सिंह का कहना है कि मामले को लेकर उसने UPSTC के संबंधित रीजनल मैनेजर से करीब चार बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई जवाब नहीं मिला।
मामले में यात्री ने परिवहन निगम के अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जांच कराने और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, परिचालक और परिवहन निगम के संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)