- by Manish Kumar Susari
- 2026-02-16 15:44:37
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गाजीपुर। जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में रविवार की रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत एक दामाद ने मामूली कहासुनी के बाद अपने ससुर की लाठी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 65 वर्षीय गुदरी राम के रूप में हुई है, जो गांव के सम्मानित बुजुर्ग थे। आरोपी की पहचान संजय राम (42 वर्ष), निवासी बैरान, थाना मुहम्मदाबाद के रूप में हुई है, जो बीते चार महीनों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था। ग्रामीणों और परिवार के अनुसार, संजय शराब का लती था और अक्सर नशे की हालत में झगड़े करता था। घटना वाली रात भी वह नशे में धुत था और किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर गुदरी राम से बहस करने लगा।
बात इतनी बढ़ गई कि संजय ने आपा खो दिया और घर में रखी लाठी से गुदरी राम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल गुदरी राम को आनन-फानन में स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। लेकिन रात भर उनकी हालत बिगड़ती रही और सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही मृतक की बेटी रेशमी ने पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर जानकारी दी। बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार मौके पर टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनील चंद तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। मृतक के पुत्र मुन्ना राम की तहरीर पर बिरनो पुलिस ने आरोपी संजय राम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)