- by Manish Kumar Susari
- 2026-02-16 15:44:37
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गाजीपुर। मछली चोरी की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने से आहत एक युवक ने शनिवार को गाजीपुर के चंडी माता मंदिर के पास स्थित करीब 200 फीट ऊंचे जिओ टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे डाली। इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, और प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। युवक की पहचान दरोगा बिंद (45) निवासी बसुहारी के रूप में हुई है। दरोगा बिंद ने बताया कि वह साल 2016 से महजीवी सहकारी समिति चक्काबांध के तहत ढढनी गांव स्थित पोखरे में मछली पालन कर रहा है। आरोप है कि हाल ही में एक स्थानीय व्यक्ति ने करीब 30 हजार रुपये की मछली चोरी कर ली।
जब दरोगा बिंद ने इसकी शिकायत सुहवल थाने में की, तो न तो एफआईआर दर्ज हुई, न कोई कार्रवाई। इससे क्षुब्ध होकर उसने टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी। उसकी इस हरकत की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जो उसे मनाने का प्रयास करती रही।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम ज्योति चौरसिया, प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर, उपनिरीक्षक वीरेंद्र राय, और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन दरोगा बिंद अपनी मांगों पर अड़ा रहा—मछली चोरी के आरोपी पर सख्त कार्रवाई और हुए नुकसान की भरपाई।
करीब तीन घंटे के इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने न्याय का आश्वासन दिया, तब जाकर दरोगा बिंद टावर से नीचे उतरा। उसके सकुशल नीचे आते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
एसडीएम ज्योति चौरसिया ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त और न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)