- by Amit Kumar Gond
- 2026-02-12 11:01:01
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गोरखपुर। पचपेड़वा वार्ड नंबर 74 अंतर्गत चक्सा हुसैन और भट्ठा क्षेत्र के नागरिक मूलभूत सुविधाओं की घोर कमी से जूझ रहे हैं। यहां के लोग विगत कई महीनों से नहीं, बल्कि वर्षों से नारकीय हालात में जीवन व्यतीत करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों की मानें तो क्षेत्र में कई स्थानों पर नालियों की व्यवस्था ही नहीं है, और जहां हैं, वहां उनका पानी सड़कों पर लगातार बहता रहता है।
वार्ड में जल निगम की ओर से कई जगहों पर खुदाई कार्य हो रहा है, लेकिन उससे मार्ग बाधित हो चुके हैं और लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। इस अव्यवस्था से मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली की जर्जर तारें जगह-जगह लटक रही हैं, जिससे किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, बारिश या हल्की बूंदाबांदी होते ही क्षेत्र में भीषण जलजमाव और कीचड़ फैल जाता है। सड़कें नालियों में तब्दील हो जाती हैं, और कचरे के ढेरों के बीच लोगों को आना-जाना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। अब लोगों की मांग है कि वार्ड की इस उपेक्षा को प्रशासन संज्ञान में ले और शीघ्र ठोस कार्रवाई करे।
"हम रोज़ाना बच्चों को उठाकर स्कूल छोड़ते हैं क्योंकि रास्ता चलने लायक नहीं है। यह हाल शहर के बीचोंबीच है, सोचिए!" — एक स्थानीय निवासी ने दुख जाहिर किया।
नगर निगम से उम्मीद की जा रही है कि वह इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर ज़रूरी कार्रवाई सुनिश्चित करे, जिससे वार्ड के लोग राहत की सांस ले सकें।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)