- by Amit Kumar Gond
- 2026-02-12 11:01:01
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गोरखपुर |भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन को संसद रत्न पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें संसद में उनकी निरंतर उपस्थिति, प्रभावी बहसों और जनता से जुड़े मुद्दों को पुरजोर ढंग से उठाने के लिए प्रदान किया जा रहा है। यह पुरस्कार आगामी जुलाई 2025 के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले संसद रत्न पुरस्कार समारोह के 15वें संस्करण में प्रदान किया जाएगा।
संसद रत्न पुरस्कारों की स्थापना 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन और ई-मैगजीन ‘प्रीसेंस’ द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर की गई थी। यह पुरस्कार भारतीय संसदीय प्रणाली में कार्यकुशल, जवाबदेह और सक्रिय जनप्रतिनिधियों की पहचान करता है। नामांकन पूरी तरह से आधिकारिक प्रदर्शन डेटा के आधार पर किया जाता है, जो लोकसभा और राज्यसभा सचिवालयों तथा पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च से प्राप्त होता है।
रवि किशन ने इस सम्मान को लेकर खुशी जाहिर की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, “यह पुरस्कार न केवल मेरे लिए एक प्रेरणा है, बल्कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारियों की पुष्टि भी है। मैं इसे गोरखपुर की जनता की जीत मानता हूँ, जिन्होंने मुझे सेवा का अवसर दिया।”
गौरतलब है कि संसद रत्न पुरस्कार 2025 के लिए कुल 17 सांसदों और दो संसदीय स्थायी समितियों को चुना गया है। इनमें रवि किशन के अलावा भर्तृहरि महताब, सुप्रिया सुले, एन.के. प्रेमचंद्रन और श्रीरंग अप्पा बारणे जैसे सांसद शामिल हैं, जिन्हें 'संसदीय लोकतंत्र में उत्कृष्ट और निरंतर योगदान' के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।
रवि किशन के इस सम्मान से गोरखपुर समेत पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके समर्थकों के लिए गर्व की बात है, बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)