- by Sakshi Singh
- 2026-02-05 14:52:47
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
माघ मेला–2026 के अंतर्गत मकर संक्रांति स्नान पर्व के पूर्व आज दिनांक 13.01.2026 को प्रातःकाल से ही संगम क्षेत्र सहित विभिन्न स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं का आगमन प्रारम्भ हो गया, जो दिनभर जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा संगम में स्नान किया गया।
श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन एवं सुरक्षित स्नान को सुनिश्चित करने हेतु मेला क्षेत्र में व्यापक पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में नागरिक पुलिस, यातायात पुलिस, महिला पुलिसकर्मी, घुड़सवार पुलिस, पीएसी, अग्निशमन दल एवं एटीएस के कमांडो तैनात किए गए हैं। संगम क्षेत्र में मोटर बोटों एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की भी तैनाती की गई है।
संगम सहित अन्य प्रमुख स्नान घाटों पर स्टीमर के माध्यम से निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं से सावधानीपूर्वक स्नान करने का अनुरोध किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में आवागमन को सुचारु बनाए रखने हेतु निकटवर्ती पार्किंग स्थलों की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को अनावश्यक पैदल दूरी न तय करनी पड़े।
पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज श्री जोगेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक माघ मेला श्री नीरज कुमार पाण्डेय एवं नोडल पुलिस अधिकारी माघ मेला द्वारा मेला क्षेत्र में निरंतर भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएँ तथा स्नान उपरांत व्यवस्थित रूप से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें।
पुलिस अधीक्षक माघ मेला द्वारा भ्रमण के दौरान ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों की तैनाती की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जा रही है।
सकुशल एवं सुरक्षित स्नान सुनिश्चित करने हेतु सभी अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारीगण एवं प्रशासनिक अधिकारी मेला क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रूप से तैनात हैं।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)