- by Amit Kumar Gond
- 2026-02-12 11:01:01
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
नगर निगम की लापरवाही बनी मौत की वजह
गोरखपुर, तिवारीपुर थाना क्षेत्र।
शहर में सोमवार की शाम मूसलाधार बारिश के बीच घोसीपुर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। लाला टोली निवासी अनीश की 8 वर्षीय बेटी आफरीन, टीले वाली मस्जिद के मदरसे से पढ़ाई खत्म कर घर लौट रही थी। इसी दौरान वह फिसलकर खुले नाले में जा गिरी।
तेज पानी के बहाव में मासूम लगभग 50 मीटर दूर बह गई। स्थानीय लोगों ने उसे निकालने की भरपूर कोशिश की और पहले एक निजी अस्पताल, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नाले का निर्माण नगर निगम द्वारा लंबे समय से किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। नाले के किनारे कोई सुरक्षा बैरिकेड या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। कई महीनों से "चींटी की चाल" से हो रहा यह निर्माण कार्य अब एक मासूम की जान ले चुका है।
स्थानीयों में आक्रोश
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर समय रहते सुरक्षा इंतज़ाम किए जाते, तो आफरीन आज ज़िंदा होती।
मासूम की मौत ने उठाए सवाल
यह हादसा न केवल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोलता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)