- by Manish Kumar Susari
- 2026-08-19 00:24:25
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार शाम शंकरगढ़ में गुड़िया का पारंपरिक त्योहार धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर पंचायत शंकरगढ़ के वार्ड नंबर-3 स्थित श्री हनुमान मंदिर के समीप तालाब किनारे गुड़िया पीटने की पारंपरिक रस्म निभाई गई। इस दौरान मेले में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी।
परंपरा के अनुसार क्षेत्र की लड़कियों ने नए-पुराने तथा रंग-बिरंगे कपड़ों से गुड़िया तैयार कीं। इन गुड़ियों को चौक-चौराहों और तालाब के किनारे रखा गया। इसके बाद भाइयों और अन्य लड़कों ने प्रतीकात्मक रूप से डंडों से गुड़िया पीटने की रस्म निभाई। रस्म पूरी होने के बाद गुड़ियों का तालाब में विसर्जन किया गया।
त्योहार के दौरान लड़कियां रंग-बिरंगे परिधानों में नजर आईं, वहीं लड़के घोड़े के साथ पारंपरिक रस्म निभाते दिखाई दिए। आयोजन स्थल पर लगे मेले में खिलौने, झूले, चाट, चाइनीज फूड, गुब्बारे, मिठाई और मेहंदी की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं।
मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री हनुमान जी महाराज और ॐ श्री भोलेनाथ बाबा के मंदिर में जल, पुष्प, अक्षत, दूध और दीप अर्पित कर दर्शन किए तथा सुख-शांति की कामना की।
स्थानीय शंकरगढ़ पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच गुड़िया का मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: मनीष सुसारी, प्रयागराज
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)