- by Manish Kumar Susari
- 2026-08-17 12:42:18
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
रिपोर्ट: संजय निषाद, प्रयागराज
दारागंज, प्रयागराज। सावन मास की नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार को दारागंज स्थित प्राचीन नागवासुकी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया।
श्रद्धालुओं ने नागराज वासुकी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जल, दूध एवं पुष्प अर्पित किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। नाग पंचमी और सावन के तीसरे सोमवार का संयोग होने से पर्व का धार्मिक महत्व और बढ़ गया।
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने नागराज वासुकी के दर्शन के साथ भगवान शिव की भी पूजा-अर्चना की। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
प्रयागराज जिला प्रशासन के अनुसार, नागवासुकी मंदिर संगम के उत्तर में दारागंज के उत्तरी छोर पर गंगा तट पर स्थित है। नाग पंचमी के अवसर पर यहां हर वर्ष बड़े मेले का आयोजन होता है।
पर्व को लेकर मंदिर क्षेत्र में विशेष धार्मिक आयोजन हुए और पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच क्षेत्र में आस्था, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)