- by Amit Kumar Gond
- 2026-06-20 20:44:36
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
गोरखपुर। चंद्रकांति रामावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज, गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा नियमित योग के महत्व को समझा। इस वर्ष 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" रखी गई है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधक डॉ. विजयलक्ष्मी मिश्रा ने कहा कि योग मूलतः एक आध्यात्मिक अनुशासन है, जो अत्यंत सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित है तथा मन और शरीर के बीच सामंजस्य स्थापित करने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित योगाभ्यास से थकान दूर होती है तथा शरीर में नई ऊर्जा और चेतना का संचार होता है। उन्होंने सभी को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
योग कार्यक्रम का संचालन योग प्रशिक्षक ममता श्रीवास्तव, जिला कार्यकारिणी सदस्य, महिला पतंजलि योग समिति तथा श्रीमती आराधना श्रीवास्तव, जिला प्रभारी, महिला पतंजलि योग समिति के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. स्वप्निल पाण्डेय, बी.एड. विभागाध्यक्ष एवं एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. अपर्णा मिश्रा, डॉ. अमिता अग्रवाल, डॉ. रेखा रानी शर्मा, डॉ. पवन कुमार, डॉ. सारिका, डॉ. देवता पांडे सहित समस्त प्रवक्तागण, एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स की छात्राएं तथा महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)