- by -- Select --
- 2026-06-12 18:59:16
स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़
जनपद के जंगीपुर स्थित एक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग के बाद एजेंसी कार्यालय से फोन कर पर्ची काटने के बहाने उपभोक्ताओं से डीएसी (DAC) नंबर पूछा जाता है। इसके बाद गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने के विभिन्न बहाने बनाए जाते हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलता। आरोप है कि बाद में संबंधित सिलेंडरों को ब्लैक में बेच दिया जाता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी लेने के लिए जब एजेंसी के कार्यालय से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो संबंधित मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला। वहीं एजेंसी संचालक से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया, जिसके कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी जाती रही है। इसके बावजूद यदि ऐसे आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल उपभोक्ताओं के हितों के विपरीत होगा, बल्कि सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं की छवि को भी प्रभावित करेगा।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यदि इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..
Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)