स्वदेशी इनक्रेडिबल न्यूज़ में आपका स्वागत है

गोरखपुर में बेलगाम थार का कहर: स्टंट करते हुए तीन को मारी टक्कर, क्रेन से गाड़ी उठाने की कोशिश नाकाम

इस खबर के स्पोंसर है सॉफ्टनिक इंडिया, शाही मार्केट, गोलघर, गोरखपुर


गोरखपुर (संवाददाता)। शहर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित धर्मशाला तिराहे पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार थार ने जमकर कहर बरपाया। स्टंटबाजी कर रहे थार सवारों ने एक बाइक और पैदल चल रहे दो अन्य युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया।

कैटरिंग कारोबारी को मारी टक्कर, जेब से पैसे लेकर भागे आरोपी घायलों में धर्मशाला बाजार निवासी शैलेश रौनियार शामिल हैं, जो शादी-पार्टियों में वीआईपी कैटरिंग का व्यवसाय करते हैं। पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में शैलेश ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:50 बजे वह एक साइट से काम निपटाकर अपनी पल्सर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी जटाशंकर की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की तेज रफ्तार थार ने भरत मिलाप तिराहे पर उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि शैलेश छिटक कर काफी दूर जा गिरे। इस बेकाबू थार की चपेट में वहां मौजूद दो अन्य युवक भी आ गए। शैलेश का गंभीर आरोप है कि हादसे के बाद थार सवार गाड़ी से उतरे और भागते समय उनकी जेब में रखे कैटरिंग के पैसे भी निकालकर ले गए।

पहिया निकला, क्रेन मंगाकर गाड़ी उठाने की थी साजिश हादसा इतना भीषण था कि थार का अगला पहिया टूटकर अलग हो गया और गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूत्रों के अनुसार, हादसे के कुछ ही देर बाद मनबढ़ आरोपियों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपनी गाड़ी वहां से हटाने के लिए एक क्रेन भी बुला ली थी। क्रेन ने गाड़ी उठाने की कोशिश भी की, लेकिन तभी मौके पर पुलिस पहुंच गई, जिससे उनकी यह कोशिश नाकाम हो गई।

पुलिस का बयान और कार्रवाई पुलिस ने बिहार के सीवान जिले से रजिस्टर्ड थार (BR-29-BF-9230) को अपने कब्जे में लेकर पुलिस लाइन भिजवा दिया है। इस मामले को लेकर गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया,

"रात के समय यह हादसा हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक व चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।"

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि फरार आरोपियों की जल्द शिनाख्त की जा सके।

Support India to emerge as a knowledge society by identifying and nurturing the inner strength of youth and rural people, so that India can be transformed into a developed nation..

Er. Shakti Shankar Singh (Chief Editor)

latest post